बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड में बीमार बच्चे अब तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। कुंडेकसा, बोंदारी और कोरका गांवों से उपचार के लिए अब तक 96 बच्चों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इनमें से 51 बच्चे इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं 45 बच्चों का उपचार अभी अस्पतालों में जारी है और सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
बीमार बच्चों के उपचार में लगातार निगरानी
कलेक्टर कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्क्रीनिंग के बाद 12 जुलाई 2026 से बच्चों को उपचार के लिए विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप के अनुसार, कुंडेकसा के अस्थायी अस्पताल में 18 बच्चे भर्ती हुए थे। उपचार के बाद सभी बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
सिविल अस्पताल बैहर में 22 बच्चों को भर्ती कराया गया था। इनमें 16 बच्चे स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 6 बच्चों का उपचार जारी है।
जिला अस्पताल में 39 बच्चों का इलाज जारी
जिला चिकित्सालय बालाघाट में कुल 56 बच्चों को भर्ती कराया गया था। इनमें से 17 बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं 39 बच्चों का उपचार अभी चल रहा है।
इस तरह तीनों स्थानों पर भर्ती किए गए कुल 96 बच्चों में से 51 बच्चे स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 45 बच्चों का इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उपचाररत सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
परिजनों को भी मिल रही जरूरी सुविधाएं
अस्पताल में भर्ती बच्चों के साथ उनके माता-पिता और अन्य परिजनों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। बैगा जनजाति के बच्चों और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
बच्चों के परिजनों ने अस्पताल में मिल रहे उपचार और सुविधाओं पर संतोष जताया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों की लगातार निगरानी कर रही हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।
Leave a Comment