बालाघाट के बीमारी प्रभावित बैहर और बिरसा विकासखंडों में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव जी.व्ही. रश्मि ने गुरुवार को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिन्हित गांवों में आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग संचालनालय भोपाल की टीम भी मौजूद रही। टीम में संयुक्त संचालक श्री स्वर्णिम शुक्ला और उपसंचालक श्री गोविंद रघुवंशी शामिल रहे।
आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
जी.व्ही. रश्मि ने बैहर विकासखंड के लूद गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली की व्यवस्थाएं भी देखीं।
उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने परिसर को साफ रखने और बच्चों तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
कुपोषित बच्चों की निगरानी के निर्देश
बिरसा विकासखंड के घुम्मुर गांव पहुंचकर जी.व्ही. रश्मि ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रेखा धुर्वे से बच्चों के खान-पान, पोषण, स्वास्थ्य और टीकाकरण की जानकारी ली।
उन्होंने पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज की जा रही जानकारी के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
प्रमुख सचिव ने चिन्हित कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर ऐसे बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बीमारी की रोकथाम में स्वच्छता पर जोर
जी.व्ही. रश्मि ने प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, छात्रावासों और सामुदायिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ग्रामीणों को घरों के आसपास गंदा पानी जमा नहीं होने देने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक करने को कहा।
स्वच्छ पेयजल के उपयोग के साथ बच्चों और परिवारों में हाथ धोने, स्वच्छ भोजन और व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
बैगा महिलाओं से की बातचीत
जी.व्ही. रश्मि ने कुंडेकसा गांव पहुंचकर बैगा महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने उनके रहन-सहन, खान-पान और दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को भी समझने का प्रयास किया। उन्होंने गांव में संचालित सामुदायिक रसोईघर और साझा चूल्हा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
प्रमुख सचिव ने रसोइया और आंगनवाड़ी सहायिका से भोजन व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
भोजन तैयार करने में स्वच्छता पर ध्यान
रसोईघर के निरीक्षण के दौरान जी.व्ही. रश्मि ने भोजन तैयार करते समय स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने रसोईघर की साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता भी बताई।
प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के साथ बीमारी की रोकथाम के लिए स्वच्छता को महत्वपूर्ण बताया गया। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, संयुक्त संचालक श्रीमती मनीषा लुंबा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुन्द्रियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और मैदानी अमला उपस्थित रहा।
Leave a Comment