Follow Channel
कुंडेकसा में विजय शाह का बड़ा निर्देश, बैगा क्षेत्रों में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं - Taza Sanket
बालाघाट न्यूज़ मध्य प्रदेश क्रिकेट कृषि भारत शिक्षा सरकारी योजना खेल धर्म

कुंडेकसा में विजय शाह का बड़ा निर्देश, बैगा क्षेत्रों में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

By Sonu bisen

Published on: August 22, 2026

Follow Us

कुंडेकसा में विजय शाह का बड़ा निर्देश, बैगा क्षेत्रों में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

---Advertisement---

मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने शुक्रवार को बिरसा विकासखंड के कुंडेकसा गांव पहुंचकर बीमारी से प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए अस्थाई अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

अस्पताल में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों से भी उन्होंने चर्चा की। इस दौरान उपलब्ध दवाइयों और अन्य जरूरी सामग्री की जानकारी ली गई।

कुंडेकसा में स्थायी एम्बुलेंस के निर्देश

विजय शाह ने कुंडेकसा में एक एम्बुलेंस स्थायी रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में एएनएम की जरूरत है, वहां पदस्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने को कहा।

उन्होंने पाथरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों में 25 हजार की आबादी पर एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मापदंड के अनुसार अन्य पात्र स्थानों के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

बैगा समाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के शिविर

कुंडेकसा में विजय शाह ने बताया कि बैगा जनजाति के लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जल्द विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया जाएगा। शिविर में आने वाले बैगा समाज के लोगों के आवागमन और भोजन की व्यवस्था जनजातीय कार्य विभाग द्वारा की जाएगी।

महिलाओं से राशन और पेयजल को लेकर संवाद

मंत्री ने बैगा जनजाति की महिलाओं से बातचीत कर राशन मिलने की जानकारी ली। महिलाओं ने नियमित रूप से राशन मिलने की बात बताई।

विजय शाह ने महिलाओं से साफ-सफाई का ध्यान रखने और स्वच्छ एवं उबालकर पानी पीने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बीमारी के कारण बच्चों की मृत्यु के मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान में लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे बैगा समाज के लोगों से मिलने और इस कठिन समय में सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाने पहुंचे हैं।

कुपोषण दूर करने के लिए थ्री लेयर नर्सरी योजना

बैगा जनजाति में कुपोषण की समस्या कम करने और परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया तैयार करने के उद्देश्य से जनजातीय कार्य विभाग थ्री लेयर नर्सरी योजना पर काम कर रहा है।

इस योजना में बैगा हितग्राहियों को कंद, फल और बेल वाली फसलों के बीज के साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना है। योजना पर फिलहाल कार्य जारी है।

बैगा बहुल इलाकों में खुलेंगे बैगा मार्ट

विजय शाह ने बैगा महिलाओं और बच्चों को कपड़े व चप्पल उपलब्ध कराने वाले समाजसेवी रामेश्वर कटरे के प्रयास की सराहना की।

उन्होंने अन्य सक्षम और समाजसेवी लोगों से भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

मंत्री ने बताया कि शहरों के मॉल की तर्ज पर बैगा बहुल क्षेत्रों में ‘बैगा मार्ट’ खोलने की दिशा में जनजातीय कार्य विभाग काम करेगा। इन मार्ट में बैगा समाज के लोगों को कपड़े और अन्य जरूरी सामान सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

स्कूल और आंगनबाड़ी तक सड़क बनाने के निर्देश

बैगा बहुल गांवों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंच आसान बनाने के लिए सीमेंट-कांक्रीट सड़कें बनाने के निर्देश दिए गए।

विजय शाह ने विशेष रूप से कुंडेकसा की प्राथमिक शाला तक भी सीमेंट-कांक्रीट सड़क बनाने को कहा।

इस दौरान समाजसेवी रामेश्वर कटरे की ओर से बैगा महिलाओं को साड़ियां और चप्पल, बच्चों को कपड़े तथा मच्छरदानियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, लांजी विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगतसिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

read also: बैहर-बिरसा में प्रमुख सचिव जी.व्ही. रश्मि ने परखी स्वास्थ्य-पोषण व्यवस्था, स्वच्छता पर दिया जोर

Sonu bisen

मेरा नाम सोनू बिसेन है। मैं एक लेखक हु और TazaSanket.com पर लेखन का काम करता हूं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मैं मध्य प्रदेश, विशेष रूप से बालाघाट ज़िले की ताज़ा एवं क्रिकेट न्यूज़ और विश्वसनीय लोकल खबरें पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करता हूं

Leave a Comment