Balaghat News: बालाघाट जिले में धान खरीदी को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने 15 दिसंबर की रात वारासिवनी तहसील अंतर्गत खापा कैप एवं वहां संचालित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ट्रक चालकों से सीधा संवाद
कलेक्टर ने धान लेकर पहुंचे ट्रक चालकों से चर्चा कर अनलोडिंग में लगने वाले समय की जानकारी ली। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि धान खाली करने की प्रक्रिया तेज हो और किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।
अनियमितता पर कड़ी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने स्पष्ट कहा कि धान परिवहन, भंडारण और अनलोडिंग में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एफएक्यू गुणवत्ता का ही धान खरीदा जाए, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था पर जोर
खापा कैप में रात्रिकालीन समय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सुरक्षा को मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि धान की चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
रोजाना सैकड़ों ट्रकों की आवाजाही
खापा कैप में लगभग 40 धान खरीदी केंद्रों का भंडारण किया जा रहा है। प्रतिदिन करीब 150 से 200 ट्रक धान लेकर यहां पहुंचते हैं। सेवा सहकारी समिति सावंगी के केंद्र में आसपास के आठ गांवों के किसान धान विक्रय कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, जिला खाद आपूर्ति अधिकारी और सहकारी बैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे।
read also: बालाघाट में नक्सलवाद का अंत, मिशन 2026 से पहले लाल आतंक पर बड़ी जीत
Leave a Comment