State Foundation Day 2026: देश के छह राज्यों के स्थापना दिवस और विशेष अवसरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। State Foundation Day 2026 के मौके पर उन्होंने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरलम और तमिलनाडु की संस्कृति, विरासत और विकास में योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि ये राज्य आने वाले समय में भी देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।
मध्य प्रदेश की विरासत और विकास की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश को समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक सुंदरता वाला राज्य बताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और नवाचार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मध्य प्रदेश आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति को सराहा
छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री ने राज्य की जनजातीय परंपराओं, लोक संस्कृति और प्राकृतिक संपदा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य नक्सलवाद की जड़ों को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों की मेहनत और प्रतिभा पर भरोसा जताया।
हरियाणा और कर्नाटक के योगदान का जिक्र
हरियाणा दिवस पर मोदी ने राज्य के वीरता भरे इतिहास और ग्रामीण संस्कृति को देश की पहचान का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि यहां के किसान खाद्य सुरक्षा मजबूत कर रहे हैं और खिलाड़ी तिरंगे का गौरव बढ़ा रहे हैं। उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी राज्य के लोगों ने योगदान दिया है।
कर्नाटक के कन्नड़ राज्योत्सव पर प्रधानमंत्री ने आईटी, बायोटेक्नोलॉजी, एयरोस्पेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों की सराहना की।
केरलम और तमिलनाडु को भी दी शुभकामनाएं
केरलम के स्थापना दिवस केरलप्पिरवी पर मोदी ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों की मेहनत ने देश के बाहर भी पहचान बनाई है।
वहीं, तमिलनाडु दिवस पर प्रधानमंत्री ने विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, कपड़ा उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स, अंतरिक्ष तकनीक और स्वास्थ्य क्षेत्र में राज्य के योगदान की तारीफ की। उन्होंने तमिल संस्कृति को भारत की सभ्यतागत विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
प्रधानमंत्री ने सभी छह राज्यों के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Leave a Comment