Balaghat News: मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बालाघाट के बिठली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने भर्ती बच्चों और अन्य मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मरीजों के परिजनों से चर्चा के दौरान विजय शाह ने उन्हें उपचार और जरूरी सुविधाओं के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ेंगी सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड बढ़ाने और ईसीजी मशीन उपलब्ध कराने को कहा। उनका उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैगा गांवों में घर-घर होगा स्वास्थ्य सर्वे
विजय शाह ने अधिकारियों को क्षेत्र के सभी गांवों में घर-घर स्वास्थ्य सर्वे कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष जांच करने और बीमार पाए जाने वाले बच्चों का आवश्यक उपचार कराने को कहा गया। बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ उन्हें विटामिन-ए की खुराक देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और मैदानी अमले को गांवों में लगातार निगरानी रखने को कहा। बीमारी के लक्षण सामने आने पर तत्काल जरूरी उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों का लगेगा स्वास्थ्य शिविर
मंत्री ने आने वाले दिनों में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बुलाकर बैगा जनजाति के लोगों के लिए बड़े स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
शिविर में ग्रामीणों और बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार उपचार और जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सड़क और बिजली की मांग पर मिला आश्वासन
निरीक्षण के दौरान बिठली की सरपंच ने मंत्री के सामने बिठली से हर्रानाला, आमानाला और चुक्का टोला तक सड़क निर्माण की मांग रखी।
इसके अलावा दुगलई गांव में बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
विजय शाह ने आश्वस्त किया कि कोई भी बैगा गांव बिजली से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने सरपंच की मांग के अनुरूप दोनों सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की बात कही।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य के साथ सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद श्रीमती भारती पारधी, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगतसिंह नेताम, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।
read also: आश्रम शाला लहगाकंहार में बैगा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान, मिल रहा पौष्टिक भोजन
Leave a Comment