balaghat news: शासकीय हाई स्कूल भटेरा चौकी में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। आयुष तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संतुलित आहार, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ. सवेदिता कुमरे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। संगोष्ठी के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली चौके ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व और दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों की जानकारी दी। उन्होंने नियमित दिनचर्या अपनाने तथा फास्ट फूड और अस्वास्थ्यकर खान-पान से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
पोषण और एनीमिया से बचाव की जानकारी
होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित ठाकरे ने आयुष चिकित्सा पद्धतियों और स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक अंजना दुबे और सरला भोर ने किशोरियों को पोषण के महत्व तथा एनीमिया की रोकथाम के उपायों के बारे में बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में बेहतर स्वास्थ्य आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
क्विज में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों के लिए क्विज सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया और स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आयुष विभाग और पैरामेडिकल स्टाफ ने भी सहभागिता की।
Leave a Comment