Sehore News: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब भड़काऊ बयान देने के आरोप में एक भाजपा नेता और करणी सेना के कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के बाद विरोध शुरू हो गया। आष्टा क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आश्रम समेत संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लगातार गश्त के निर्देश दिए।
21 दिसंबर की हिंसा के बाद बढ़ी सख्ती
जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर को दो गुटों के बीच हुई हिंसा के बाद से प्रशासन पहले ही अलर्ट पर था। इसी बीच भाजपा नेता कालू भट्ट और करणी सेना के कार्यकर्ता अंकुश ठाकुर द्वारा कथित तौर पर भड़काऊ बयान दिए जाने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सीहोर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद करणी सेना ने विरोध दर्ज कराया और रिहाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आष्टा की ओर कूच करने लगे।
पुलिस ने रोका प्रदर्शन
स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस ने जावर गांव के पास कार्यकर्ताओं को रोक लिया और समझाइश दी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद फिलहाल बड़े प्रदर्शन की आशंका टल गई, लेकिन क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन–करणी सेना के बीच बातचीत
करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने कलेक्टर और एसपी से मुलाकात कर गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई और कथित मारपीट के मामलों पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ में भी हालात बिगड़े
इसी बीच छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से भी तनावपूर्ण खबर सामने आई, जहां पेलमा कोल ब्लॉक के प्रभावित ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। जनसुनवाई के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान हालात बेकाबू हो गए। ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हुए।
राजनीतिक आरोप–प्रत्यारोप तेज
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन पर शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पुलिस की सख्ती और अभद्र व्यवहार से हालात बिगड़े। वहीं सरकार और प्रशासन का दावा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए।
फिलहाल सीहोर–आष्टा और रायगढ़ दोनों ही क्षेत्रों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
read also: Indore Khabar: AI ने छीनी नौकरी, ‘बंटी–बबली’ स्टाइल में रची ₹16 लाख की चोरी
Leave a Comment