27 अगस्त 2026 को देशभर में विकसित भारत युवा कनेक्ट के स्पोर्ट्स एडिशन का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर खेल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मरठे ने बताया कि 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में 27 अगस्त को देश के प्रत्येक जिले के चयनित महाविद्यालयों में युवा संवाद आयोजित होंगे।
खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद
विकसित भारत युवा कनेक्ट के तहत युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में खेलों में हुए विकास, खेल अवसंरचना के विस्तार और देश में उभर रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ी जानकारी युवाओं के साथ साझा की जाएगी।
प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से करेंगे संबोधित
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देश के विभिन्न स्थानों पर मौजूद युवाओं को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद का आयोजन किया जाएगा। इसमें माय भारत वॉलंटियर्स, खिलाड़ी और युवा प्रतिभागी खेल, नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण तथा युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
युवाओं से लिए जाएंगे सुझाव
संवाद के अंतिम चरण में युवाओं को अपने सुझाव, विचार और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर दिया जाएगा। विकसित भारत युवा कनेक्ट के इस आयोजन के जरिए युवाओं को देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी भागीदारी दर्ज कराने का मंच मिलेगा।
read also: प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सर्वे तेज, 3,665 लोगों की जांच; 217 मरीज अस्पताल पहुंचे
Leave a Comment