Balaghat Khabar: नए वर्ष के मौके पर श्याम नगर वार्ड नंबर तीन में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक सरेआम हाथों में तलवार लहराते हुए मोहल्ले में हंगामा करने लगा। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठा। आरोपी युवक ने तलवार से वार कर 55 वर्षीय बुजुर्ग सलीम खान उर्फ भूरा भाई पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की तीसरी उंगली कट गई। गनीमत रही कि बुजुर्ग ने तलवार को हाथ से रोक लिया, वरना जान भी जा सकती थी। इस घटना से पूरे इलाके में भय और आक्रोश फैल गया।
कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही वार्डवासियों ने एकजुट होकर कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान ताज नगर निवासी शोएब पिता नौशाद खान के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में पूछताछ शुरू कर दी है और तलवार को भी जब्त कर लिया गया है। घटना के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे अन्य वार्डवासी भी मौके पर पहुंच गए।
आदतन अपराधी होने के आरोप, जिला बदर की मांग
इसी मामले में रात करीब आठ बजे बड़ी संख्या में वार्डवासी कोतवाली थाने पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शोएब को आदतन अपराधी बताते हुए कहा गया कि उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि वह आए दिन नशे की हालत में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों से गाली-गलौज करता है, जान से मारने की धमकियां देता है और तलवार दिखाकर दहशत फैलाता है। लोगों ने बताया कि पूर्व में उसके जिला बदर रहने के दौरान मोहल्ला शांत था, लेकिन वापसी के बाद फिर से हालात बिगड़ गए हैं। वार्डवासियों ने आरोपी पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई और तत्काल जिला बदर किए जाने की मांग की है।
read also: मरीजों की सुविधा पर कलेक्टर सख्त, बालाघाट जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर दिए अहम निर्देश
Leave a Comment