Balaghat News: जिले में चल रहे रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर मृणाल मीना ने 06 मार्च को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में सेतु निर्माण संभाग, लोक निर्माण विभाग, रेलवे, यातायात विभाग के अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर ने जिले के विभिन्न स्थानों पर चल रहे रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम गोपाल सोनी भी मौजूद रहे।
सरेखा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे भूमि उपयोग की योजना
बैठक में सबसे पहले सरेखा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज के सरफेस सुधार का कार्य पूरा कर लिया गया है और हाईमास्ट तथा स्ट्रीट लाइट भी चालू कर दी गई हैं। कलेक्टर मृणाल मीना ने निर्देश दिए कि रेलवे ब्रिज के नीचे की भूमि का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय कर कार्य योजना तैयार की जाए।
गर्रा रोड ओवरब्रिज में गर्डर लांचिंग पर सख्त निर्देश
बालाघाट-गर्रा रोड पर चल रहे रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ब्रिज पर लाइटिंग और सिविल कार्य जारी है। ठेकेदार ने जानकारी दी कि गर्डर लांचिंग में देरी हो रही है और कार्य 30 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्डर लांचिंग का कार्य 30 अप्रैल से पहले हर हाल में पूरा किया जाए और समयसीमा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने डेंजर रोड की मरम्मत और साइड सोल्डर भरने के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
वारासिवनी-वारा ओवरब्रिज पर 20 मार्च से शुरू होगा आवागमन
वारासिवनी-वारा में बन रहे रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य की समीक्षा में बताया गया कि ब्रिज पर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम चल रहा है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 20 मार्च से इस ब्रिज पर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि इस तिथि से पहले सभी शेष कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
भटेरा रेलवे ओवरब्रिज और अन्य परियोजनाओं की प्रगति
बालाघाट-भटेरा मार्ग पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अधिकारियों ने बताया कि भूमि मुआवजे के रूप में लगभग 25 करोड़ रुपये की राशि जल्द वितरित की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
बैठक में वारासिवनी-कटंगी रोड के शेरपार चौकी ओवरब्रिज तथा जागपुर घाट पर बन रहे पुल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शेरपार चौकी का रेल ओवरब्रिज जून माह तक पूरा कर आवागमन शुरू किया जाए। वहीं जागपुर घाट पुल के गर्डर लांचिंग कार्य को वर्षा ऋतु से पहले पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा नहीं किया गया और गर्डर को नुकसान हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Comment