खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बालाघाट में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया। कलेक्टर कुमार सत्यम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से फसल बीमा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को फसल बीमा के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देगा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 17 अगस्त तक आवेदन
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ मौसम 2026 के लिए किसानों को 17 अगस्त 2026 तक धान की फसल का बीमा कराने का अवसर मिलेगा। योजना के तहत सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़, ओलावृष्टि, कीट प्रकोप तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। कलेक्टर ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर पंजीयन कराने की अपील की।
बीमा प्रीमियम और आवेदन प्रक्रिया
विभाग के अनुसार सिंचित धान के लिए प्रति हेक्टेयर 48,300 रुपये की बीमित राशि निर्धारित की गई है, जिस पर किसान को केवल 966 रुपये प्रीमियम देना होगा। वहीं वर्षा आधारित धान के लिए 38,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की बीमित राशि पर 760 रुपये प्रीमियम तय किया गया है। ऋणी किसान अपने बैंक या पैक्स के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जबकि गैर-ऋणी किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक और भूमि संबंधी दस्तावेज जमा करने होंगे।
रिकॉर्ड संख्या में किसान करा रहे बीमा
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले खरीफ सीजन में जिले के 64,987 किसानों ने फसल बीमा कराया था। वहीं इस वर्ष 4 अगस्त तक ही 80,532 किसानों का पंजीयन हो चुका है, जो योजना के प्रति किसानों के बढ़ते विश्वास और जागरूकता को दर्शाता है। विभाग ने किसानों से समय रहते बीमा कराकर अपनी फसल और आय को सुरक्षित रखने का आग्रह किया।
Leave a Comment