BGT Khabar: मध्यप्रदेश शासन की ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश योजना अंतर्गत जल संरक्षण अभियान के तहत ग्राम बुदबुदा में जल संवाद संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक सहभागिता से विशाल बोरी बंधान का कार्य संपन्न हुआ, जिसने ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति नई चेतना जगाई। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड वारासिवनी द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बुदबुदा तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कार्य के विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से किया गया।
बोरी बंधान से मजबूत हो रहे जल स्रोत
उल्लेखनीय है कि ग्राम बुदबुदा में विगत कई वर्षों से बोरी बंधान जैसे कार्यों के माध्यम से जल संरक्षण एवं संवर्धन के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बोरी बंधान कार्य के पश्चात आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संरक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बोरी बंधान, सोख्ता गड्ढों और अन्य जल संरचनाओं के निर्माण के साथ-साथ जन जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

जल संरक्षण की शपथ और सहभागिता
उन्होंने “घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में और खेत का पानी खेत में” के सिद्धांत को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर निलेश झारिया, खिलेन्द्र नागेश्वर, राजकुमार लिल्हारे, ग्राम सरपंच हंसराज कांवरे सहित प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
read also: 76 मासूमों की मुस्कान लौटी, लालबर्रा का स्वास्थ्य शिविर बना उम्मीद की नई कहानी
Leave a Comment