Balaghat News: वर्षों से आकाशवाणी मार्ग स्थित नजूल भूमि पर आवास बनाकर रह रहे वार्ड क्रमांक 23 के लगभग 70 से 80 परिवारों को एक बार फिर राजस्व विभाग की ओर से मकान खाली नोटिस थमा दिया गया है। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित परिवार 18 दिसंबर तक अपने आवास खाली करें। आदेश का पालन नहीं करने की स्थिति में 19 दिसंबर से ₹2000 प्रतिदिन की दर से जुर्माना लगाए जाने और धारा 248(2) के तहत सिविल कारागार की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है। नोटिस मिलते ही क्षेत्र में रहने वाले परिवारों में भय और अनिश्चितता का माहौल बन गया है।
डेढ़ महीने में दूसरा नोटिस, बढ़ती चिंता
लगभग डेढ़ महीने पहले भी इन्हीं परिवारों को अतिक्रमण के आरोप में मकान खाली नोटिस दिया गया था। उस समय पीड़ित परिवारों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से न्याय की मांग की थी। 19 अक्टूबर को बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने पीड़ितों से मुलाकात कर पुनर्वास की व्यवस्था पहले सुनिश्चित करने की बात कही थी। बावजूद इसके, दूसरा नोटिस मिलने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
40 वर्षों से बसे परिवारों का सवाल
रहवासियों का कहना है कि वे पिछले 35 से 40 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रशासन द्वारा दी गई हैं। ऐसे में अचानक दो–तीन दिनों के भीतर मकान खाली नोटिस देना अमानवीय है। बच्चों की परीक्षाएं 17 दिसंबर से शुरू हो रही हैं और कई परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, जिससे संकट और गहरा गया है।
विधायक ने उठाई मानवीय संवेदना की बात
इस पूरे मामले पर विधायक अनुभा मुंजारे ने प्रशासन से अपील की है कि यदि भूमि पर कोई निर्माण योजना है तो पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्थायी और निःशुल्क व्यवस्था की जाए। ठंड के इस मौसम में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लोगों को हटाना मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से समय देने और संवेदनशील निर्णय लेने की मांग की है।
read also: बालाघाट में पहली बार ऐसा DJ Night, 29 दिसंबर को नए साल का ग्रैंड सेलिब्रेशन
Leave a Comment