Balaghat News: वन क्षेत्र में शिकार की कमी और बसाहट के नजदीक आसानी से भोजन मिलने के कारण बाघ और तेंदुए जैसे हिंसक वन्य प्राणी इन दिनों लगातार इंसानी बस्तियों की ओर बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में वन परिक्षेत्र कटंगी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीसापुर में बीती रात एक और घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव में दहशत फैला दी। गांव के निवासी राखीचंद भैरम के घर के सामने बने कोठे में तेंदुआ घुस आया और वहां बंधी एक बकरी का शिकार कर उसे खेत की मेड़ तक ले गया।
बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब पशु मालिक रोज़ की तरह मवेशियों को बाहर निकालने पहुंचे, तो कोठे में बकरियों को गायब पाकर वे सन्न रह गए। तलाश करते हुए जब वे खेत की मेड़ तक पहुंचे, तो वहां उन्हें बकरी के अवशेष मिले। इसके बाद करीब 9 बजे उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनरक्षक मौके पर पहुंचे, पंचनामा तैयार किया और मुआवजे की प्रक्रिया पूरी की।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले भी तेंदुआ गांव में घुसकर एक अन्य कोठे से मवेशियों का शिकार कर चुका है। एक मवेशी को वह उठा ले गया था, जबकि दूसरे को मृत छोड़कर फरार हो गया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बीसापुर के लोगों में भय का माहौल बना दिया है। शाम होते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता है और लोग जरूरी काम के लिए भी घरों से बाहर निकलने में संकोच कर रहे हैं। मवेशियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। कई लोग घर के सामने अलाव जलाकर तेंदुए को दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं, फिर भी वन्य प्राणी गांव में घुसकर शिकार की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और रात के समय अलाव जलाने की अपील की है।
read also: chandpur tour
Leave a Comment