CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से नक्सल विरोधी अभियान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यहां 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ने घर वापसी अभियान के तहत आत्मसमर्पण कर दिया है। इस सरेंडर को प्रशासन और पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार चल रहे ऑपरेशनों और दबाव का असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है, जहां नक्सली मुख्यधारा में लौटने का रास्ता चुन रहे हैं।
घर वापसी अभियान का दिखा असर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सरेंडर करने वाली महिला नक्सली की पहचान भूमिका उर्फ गीता के रूप में हुई है। वह नगरी एरिया कमेटी की सदस्य और गोबरा एलओएस की कमांडर के तौर पर सक्रिय रही है। महिला नक्सली ने धमतरी स्थित एसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। बताया जा रहा है कि वह बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के पूछार गांव की निवासी है और कई नक्सली घटनाओं में शामिल रही है।

सरेंडर पर प्रोत्साहन राशि प्रदान
शासन की आत्मसमर्पण नीति के तहत महिला नक्सली को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है। प्रशासन का मानना है कि हाल ही में चलाए गए सिविक एक्शन कार्यक्रम और लगातार दबाव के चलते यह सफलता मिली है। 31 मार्च 2026 तक नक्सल विरोधी अभियान को लेकर तय लक्ष्य के बीच यह सरेंडर एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
और सरेंडर की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में और भी नक्सली आत्मसमर्पण कर सकते हैं। महिला नक्सली सरेंडर की यह घटना नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति की दिशा में एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
read also: सरकारी विमान पर बाबा बागेश्वर का सफर बना सियासी तूफान, कांग्रेस ने उठाए तीखे सवाल
Leave a Comment