मध्यप्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 7 सितंबर को परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कावेली के जनजातीय बहुल ग्राम बोदल-बेहरा का दौरा किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
विद्यांजली से संवरे स्कूल का किया अवलोकन
बोदल-बेहरा में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विद्यांजली कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक शाला के भवन में किए गए सुदृढ़ीकरण कार्यों को देखा। जनसहयोग से बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई सामग्री और स्कूल में की गई व्यवस्थाओं का भी उन्होंने जायजा लिया।
उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर के बारे में जानकारी ली। बच्चों के जवाबों से प्रसन्न होकर उन्होंने उनकी सराहना की।
विद्यालय को बैंच-डेस्क सहित जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों और समाजसेवियों का भी प्रभारी मंत्री ने सम्मान किया। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से स्कूलों में सुविधाएं बेहतर हो रही हैं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है।
प्रधानमंत्री आवास और विकास कार्यों की जानकारी ली
ग्रामीणों से चर्चा के दौरान सरपंच और सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत कावेली में 284 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें अधिकांश आवास पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ का निर्माण कार्य जारी है।
पंचायत के पास विकास कार्यों के लिए उपलब्ध 9 लाख रुपये के उपयोग को लेकर भी जानकारी ली गई। सरपंच ने बताया कि इस राशि से गांव में सीसी रोड और नाली निर्माण कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में जलाशय की जरूरत बताई। सरपंच के अनुसार ग्राम कोडका में जलाशय निर्माण के लिए शासकीय भूमि उपलब्ध है। इस पर प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जीरामजी योजना के माध्यम से जलाशय निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मोबाइल नेटवर्क और एम्बुलेंस की सुविधा पर चर्चा
ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी प्रभारी मंत्री के सामने रखी। उन्होंने बताया कि नेटवर्क सुविधा में सुधार के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र में एम्बुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बच्चों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए बालक छात्रावास का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात भी कही।
शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बीमारी की स्थिति में समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराने की सलाह भी दी।
उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और रमणीय वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि वे यहां आकर प्रसन्न हैं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, वनमंडलाधिकारी श्री नित्यानंदम एल, एसडीएम श्री श्रीश प्यासी, जनपद सीईओ श्री डीआर उइके, समाजसेवी श्री रामेश्वर कटरे और ग्राम पंचायत कावेली की सरपंच श्रीमती रेखा टेकाम सहित पंच, विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Leave a Comment