बालाघाट में अटल पेंशन योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 27 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। अग्रणी बैंक कार्यालय बालाघाट के तत्वावधान में होने वाली यह कार्यशाला भटेरा रोड स्थित होटल शीतल पैलेस में सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
कार्यशाला का शुभारंभ कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की उपस्थिति में किया जाएगा। इसमें योजना की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को पंजीयन प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा।
विशेषज्ञ बताएंगे योजना और पंजीयन की प्रक्रिया
अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार के अनुसार, कार्यशाला में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय छिंदवाड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री उत्कर्ष कुमार, भारतीय स्टेट बैंक मंडला क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय मैनेजर श्री आनंद कुमार, पीएफआरडीए के सीजीएम श्री प्रवेश कुमार और प्रबंधक श्री निशांत आनंद मौजूद रहेंगे।
विशेषज्ञों द्वारा अटल पेंशन योजना से संबंधित जानकारी विस्तार से दी जाएगी। साथ ही इसमें शामिल होने और पंजीयन कराने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि, श्रम, आजीविका मिशन, नगरीय निकाय सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मीडिया प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।
18 से 40 वर्ष के लोग करा सकते हैं पंजीयन
अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि अटल पेंशन योजना लोगों को छोटी बचत के जरिए भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा तैयार करने का अवसर देती है।
योजना में 18 से 40 वर्ष की आयु के व्यक्ति पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन कराने वाले व्यक्ति को 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद हर महीने निश्चित पेंशन प्राप्त होगी।
पेंशन की राशि व्यक्ति द्वारा हर महीने जमा की जाने वाली राशि के आधार पर निर्धारित होगी। इस कार्यशाला के माध्यम से योजना की जानकारी और पंजीयन प्रक्रिया को अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Leave a Comment