बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड स्थित कुंडेकसा, अडोरी, कोरका और बांदरी सहित बीमारी प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। इन बिरसा प्रभावित गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजलस, स्केबीज और मलेरिया से पीड़ित बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 100 बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
एक माह में 152 बच्चे हुए भर्ती
पिछले एक महीने के दौरान कुल 152 बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 100 बच्चों को स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि 52 बच्चे अभी भी अस्पताल में उपचाररत हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन बच्चों की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
घर-घर पहुंचकर हो रही जांच
प्रभावित गांवों में 20 सर्वेक्षण टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। इसके साथ ही चार पीएम जनमन एएमएमयू, दस चिकित्सा अधिकारी और चार एंबुलेंस भी तैनात किए गए हैं। कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका, घुम्मुर, अडोरी, मछुरदा, गठिया और मातला सहित अन्य गांवों में नियमित सर्वेक्षण किया जा रहा है। अब तक इन गांवों में 613 मरीज विभिन्न बीमारियों से प्रभावित पाए गए हैं, जिनमें से 461 मरीज घर पर ही इलाज से ठीक हो चुके हैं।
152 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 100 ठीक होकर घर जा चुके हैं और 52 का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। भर्ती सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर बताए गए हैं। 15 अगस्त तक प्रभावित गांवों के 2780 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें मलेरिया के 236, दस्त के 116, दाने के साथ बुखार के 101 और चर्म रोग के 160 मामले सामने आए हैं।
बच्चों को दी गई जरूरी दवाएं और खुराक
स्वास्थ्य सर्वेक्षण के दौरान 642 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस और जिंक टेबलेट दी गई। इसके अलावा 583 बच्चों को आयरन सिरप और 501 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी गई। 59 बच्चों को मीजल्स का टीका भी लगाया गया।
बीमारी रोकथाम के लिए विशेष कदम
बीमारी की रोकथाम के लिए आठ गांवों में लार्वा सर्वे किया गया, सात गांवों में स्प्रे कराया गया और दो गांवों में फॉगिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए उपचार, दवा वितरण और बीमारी की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठा रही हैं।
read also: कलेक्टर कुमार सत्यम ने किया ध्वजारोहण, बालाघाट में स्वतंत्रता दिवस की धूम
Leave a Comment