बालाघाट जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर कुमार सत्यम ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, हॉक फोर्स, जिला पुलिस बल, एसएफ-36वीं बटालियन, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट गाइड के जवानों ने शानदार मार्चपास्ट कर तिरंगे को सलामी दी। समारोह में शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए और हर्ष फायर भी किए गए।
ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रगीत का गायन
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन से हुई, इसके बाद कलेक्टर कुमार सत्यम ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान जन-गण-मन गाया।
समारोह में मौजूद रहे कई गणमान्य
पुलिस परेड ग्राउंड के इस बालाघाट स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांसद भारती पारधी, विधायक अनुभा मुंजारे, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, गौरीशंकर बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत ठाकुर, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश रंगलानी सहित पार्षद, आईजी ललित कुमार शाक्यवार, डीआईजी विनित जैन, एसपी आदित्य मिश्रा, अपर कलेक्टर जीएस धुर्वे, डीपी बर्मन, एसडीएम गोपाल सोनी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, लोकतंत्र सेनानी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी समारोह का हिस्सा बने।
मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण
परेड कमांडर योगेंद्र मरावी के नेतृत्व में सीआरपीएफ की 123वीं बटालियन, 36वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों और शौर्यादल सदस्यों ने मार्चपास्ट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल से दिए गए संबोधन का ग्राउंड में लगी एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद कलेक्टर कुमार सत्यम ने जिले की उपलब्धियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा बधाई संदेश पढ़ा। इस मौके पर लोकतंत्र सेनानियों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण
एमएलबी, सांदीपनी स्कूल और उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मार्चपास्ट में सीनियर वर्ग में हॉक फोर्स प्रथम, 123वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वितीय और जिला पुलिस बल (पुरुष) तृतीय स्थान पर रहा। जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट प्रथम, सांदीपनी विद्यालय द्वितीय और एनएसएस पीजी कॉलेज तृतीय स्थान पर रहे। शासकीय भवनों की रोशनी में जिला पंचायत बालाघाट प्रथम, कलेक्ट्रेट कार्यालय द्वितीय और एसपी कार्यालय तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय प्रथम, एमएलबी बालाघाट की छात्राएं द्वितीय और सांदीपनी विद्यालय तृतीय स्थान पर रहे। समारोह का समापन वंदे मातरम और जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।
स्कूलों में विशेष भोजन का आयोजन
15 अगस्त की सुबह जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया। दूरस्थ आदिवासी बहुल गांवों में भी उत्साह के साथ यह अवसर मनाया गया। शासकीय स्कूलों में विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों को खीर-पूड़ी और लड्डू परोसे गए। सांदीपनी विद्यालय बालाघाट में आयोजित भोज कार्यक्रम में सांसद भारती पारधी, कलेक्टर कुमार सत्यम, एसपी आदित्य मिश्रा, पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, गौरीशंकर बिसेन, एसडीएम गोपाल सोनी और प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले ने विद्यार्थियों के साथ भोजन किया।
कलेक्ट्रेट में सुबह हुआ ध्वजारोहण
कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर कुमार सत्यम ने सुबह आठ बजे तिरंगा फहराया, जहां वंदे मातरम और जन-गण-मन का गायन हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर जीएस धुर्वे, डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर एमआर कोल, विजय यादव, एसडीएम गोपाल सोनी, सहायक संचालक मंजुला शेंद्रे, महिला एवं बाल विकास अधिकारी देवेंद्र सुंद्रियाल, कोषालय अधिकारी दीपक राणा सहित कलेक्ट्रेट के सभी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने इस मौके पर कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और इसके लिए शासकीय सेवकों को जिम्मेदारी व ईमानदारी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी को योगदान देना है और देश के अमर शहीदों के बलिदान को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।
read also: बैगा बहुल गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, आयुक्त धनराजू एस ने किया दौरा
Leave a Comment