कटंगी जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत धनकोषा में मनरेगा के तहत बना खेत तालाब एक किसान के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आया है। मनरेगा खेत तालाब योजना के अंतर्गत ग्राम धनकोषा निवासी किसान शिवराम पिता नारू को अपने खेत में तालाब निर्माण का लाभ मिला। इस योजना के तहत स्वीकृत राशि 3 लाख 91 हजार 518 रुपये थी, जिसमें से लगभग 3 लाख 16 हजार 642 रुपये खर्च कर तालाब का निर्माण कराया गया। यह कार्य 20 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ और 7 जून 2025 को पूरा हुआ। इस दौरान कुल 1455 मानव दिवस का रोजगार भी सृजित हुआ।
पहले बारिश पर निर्भर थी खेती
तालाब बनने से पहले किसान शिवराम की खेती पूरी तरह वर्षा पर निर्भर थी। वे केवल धान की फसल उगाते थे, जिससे आय सीमित रहती थी और परिवार का खर्च चलाने के लिए मजदूरी भी करनी पड़ती थी। लेकिन मनरेगा खेत तालाब योजना के तहत खेत में तालाब बनने के बाद स्थिति बदल गई।
अब बढ़ी सिंचाई और फसल उत्पादन
अब तालाब में वर्षा का पानी जमा होने से लगभग 1 से 1.5 एकड़ जमीन की सिंचाई संभव हो रही है। इससे धान की फसल का उत्पादन 10 से 12 क्विंटल तक बढ़ गया है। साथ ही रबी सीजन में गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों की खेती भी शुरू हो गई है। इससे किसान की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
योजना बनी किसानों के लिए सहारा
किसान शिवराम का कहना है कि पहले परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल था, लेकिन अब खेती में सुधार से जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उन्होंने शासन और ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त किया। मनरेगा खेत तालाब योजना जल संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
read also: पीजी कॉलेज बालाघाट में साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम
Leave a Comment